कोंच में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस, डीएम-एसपी ने सुनीं जन शिकायतें

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन। तहसील कोंच के ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल 42 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 09 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्वयं निरीक्षण कर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका व पंचायत राज अधिकारियों को नालियों की सफाई व फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए, वहीं विद्युत विभाग को जर्जर तारों को तत्काल बदलने और खुले ट्रांसफार्मरों को ढकने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र देव शर्मा, डीएफओ प्रदीप यादव, एसडीएम ज्योति सिंह, सीओ परमेश्वर प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


