बिना नंबर प्लेट वाले मालवाहनों पर प्रशासन की कार्रवाई, 18 चालान व 3 वाहन सीज़

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने बिना नंबर प्लेट या छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट वाले मालवाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की।
इस अभियान के दौरान कुल 21 मालवाहनों की जांच की गई, जिनमें से 18 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 3 वाहनों को सीज़ (निरुद्ध) कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि कई वाहन जानबूझकर नंबर प्लेट हटाकर या उन्हें इस प्रकार बदलकर चलाए जा रहे थे, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो जाती है। ऐसे वाहन न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि कानून व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी उत्पन्न करते हैं।
परिवहन विभाग द्वारा यह अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत अन्य प्रकार के यातायात नियमों के उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और वैध दस्तावेजों के साथ ही वाहन चलाएं।


