मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न, डीएम-एसपी ने दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ताजिया पूर्व वर्षों के निर्धारित स्थानों पर ही रखे जाएं और मार्गों की साफ-सफाई समय से पूर्ण हो। विद्युत विभाग को लटकते तारों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समय से समीक्षा कर पूरी करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर कोई लापरवाही नहीं होगी। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए अफवाहों से सतर्क रहने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारीगण, मुख्य चिकित्साधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, समाज के प्रबुद्धजन व धर्मगुरु उपस्थित रहे।


