महिला आयोग की सदस्य करेंगी 25 जून को महिला जन-सुनवाई व निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
जालौन। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना पटेल 25 जून 2025 को जनपद जालौन के दौरे पर रहेंगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला उपायुक्त स्वतः रोजगार व प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी महेन्द्र प्रसाद चौबे ने बताया कि महिला आयोग की सदस्य सुबह 11:00 बजे निरीक्षण भवन, उरई में महिला जन-सुनवाई करेंगी।
यह कार्यक्रम राज्य महिला आयोग के सदस्य सचिव द्वारा भेजे गए पत्र के आधार पर निर्धारित किया गया है। जन-सुनवाई के दौरान अर्चना पटेल महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की समीक्षा करेंगी। इसमें महिला थानों की प्रभारी निरीक्षिकाओं और संबंधित क्षेत्राधिकारियों से बीते तीन माह के महिला उत्पीड़न प्रकरणों पर रिपोर्ट ली जाएगी।
इसके अतिरिक्त वे जनपद के महिला बंदीगृह, बालिका/महिला आश्रय गृह और आंगनबाड़ी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगी। दौरे का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण व पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करना है। जन-सुनवाई के दौरान पीड़ित महिलाएं अपनी समस्याएं सीधे आयोग की सदस्य के समक्ष रख सकेंगी।

