मुरादाबाद
गलत ऑपरेशन से गर्भवती की जान गई, अस्पताल में बवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
मुरादाबाद। कटघर थाना नहीं मामला शुक्रवार दोपहर लगभग 2 बजे का है। गुलाब बाड़ी स्थित फ्रूट मंडी के निवासी सोनू सैनी ने अपनी गर्भवती पत्नी शिवानी को प्रसव के लिए नवीन हॉस्पिटल, प्रिंस रोड में भर्ती कराया था। परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन ने महिला को भर्ती करने के महज 10 मिनट बाद ही ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर सर्जरी शुरू कर दी, जबकि न तो महिला की पूरी जांच की गई और न ही किसी वरिष्ठ डॉक्टर से परामर्श लिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद शिवानी की तबीयत बिगड़ती चली गई, लेकिन अस्पताल स्टाफ ने समय रहते इलाज में लापरवाही बरती। काफी देर तक महिला ब्लीडिंग से जूझती रही और बाद में उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
शिवानी की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने भी लापरवाही को लेकर कड़ा ऐतराज जताया। परिजनों की मांग है कि इस मामले में अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अस्पताल में पहले भी इलाज में लापरवाही की शिकायतें सामने आती रही हैं।



