गोड्डा
शिक्षक ने छात्रा से सौ बार कराया उठक- बैठक, हालत नाजुक
मामला बोआरीजोर के केड़ो बाजार अंतर्गत पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय का शिक्षक पर छात्रा से मारपीट का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बोआरीजोर : प्रखंड अंतर्गत पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय केड़ो बाजार में नौंवी कक्षा की छात्रा समीरा खातून के साथ शिक्षक द्वारा अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। वहीं मिली जानकारी के अनुसार छात्रा दो दिनों से विद्यालय में अनुपस्थित थी और जब वह तीसरे दिन विद्यालय पहुंची तो दो दिन उपस्थित नहीं के कारण शिक्षक ने छात्रा को 100 बार उठक-बैठक की सजा दी और फिर स्कूल परिसर से बाहर निकाल दिया गया। इस सजा के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। वहीं छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए स्कूल प्रबंधन द्वारा उसे पहले गोड्डा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर बताते हुए उसे भागलपुर रेफर कर दिया जहां इस समय छात्रा का इलाज भागलपुर में चल रहा है।
इस घटना को लेकर छात्रा के परिजन और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर का घेराव कर दोषी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि स्कूल के सहायक शिक्षक कन्हैया पंडित छात्रों के साथ अक्सर अभद्रता करते हैं और हाथ के साथ लात-घूंसे से भी मारते हैं। हालांकि, विद्यालय के प्रधानाचार्य अग्नेश मरांडी ने मामले की गंभीरता को स्वीकारते हुए अपनी गलती मानी है और छात्रा के इलाज की पूरी जिम्मेदारी लेने की बात कही है। इस घटना ने एक बार फिर शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या विद्यार्थियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार किसी शिक्षक को शोभा देता है? शिक्षा विभाग को इस मामले में सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई न जा सकें।




