
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन : मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देशानुसार की गई।
अभिहित अधिकारी डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने उरई और जालौन क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। श्रीदूध डेयरी, उरई से पनीर, अंकित गुप्ता, राठ रोड से मैदा, तकी डेयरी, तिलक नगर से मिश्रित दूध, राजेश गुप्ता, जालौन सब्जी मंडी से पनीर, प्रमोद कुमार और महेंद्र कुमार के प्रतिष्ठानों से पनीर व बर्फी के नमूने लिए गए।
सभी नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
निरीक्षण दल में सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार रॉय तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार संखवार, सुनील कुमार और कन्हैया लाल यादव शामिल रहे। निरीक्षण अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।


