गोड्डा
दिव्यांग बच्चों के प्रति सकारात्मक पहल जरुरी : डालसा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : झारखंड विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिले के अभिवंचित दिव्यांग बच्चों की पहचान करने व सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को डालसा की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में गठित लीगल एड क्लिनिक की ओर से जगह- जगह जन जागरुकता को लेकर शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान पथरगामा प्रखंड डालसा टीम ने क्षेत्र के सिंहीघाट मेंआयोजित शिविर में अधिकार मित्र दिलीप यादव व मीनू बेसरा ने कहा कि दिव्यांग समाज का अभिन्न अंग है। दिव्यांगों को भी आम लोगों की तरह सभी संवैधानिक अधिकार प्रदत्त हैं। ऐसे में उन्हें सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। उनके प्रति सकारात्मक पहल जरुरी है। जन जागरुकता के अभाव में कोई निश्क्त योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं हो । इसलिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगता की जांच सदर अस्पताल में प्रति माह के 18 एवं 30 तरीख को की जाती है। इसके बाद निर्गत प्रमाणपत्र के आधार पर सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। इसलिए सबसे पहले विकलांगता की जांच जरुरी है। उन्होंने समाज के लोगों से ऐसे दिव्यांग जो मानसिक व शारीरिक रूप से निश्क्त हो , ऐसे बच्चों की पहचान उजागर करें और उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने की दिशा में सकारात्मक पहल करें। इसी प्रकार अन्य प्रखंडों में भी शिविर आयोजित कर विविध जानकारी दी गई।



