बरेली
बैंक घोटाले की जांच में हुआ खुलासा,
फर्जी खातों में आधार जोड़कर कर हड़पी किसानों की 'सम्मान निधि',

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : जिला सहकारी बैंक की फरीदपुर शाखा में हुए 1.31 करोड़ रुपये के घोटाले की परतें खुलने लगी हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि 547 बचत खातों में एक से अधिक आधार कार्ड नंबरों की मैपिंग की गई है। इससे कई किसानों की सम्मान निधि के 1.64 करोड़ रुपये एक ही खाते में आ गए। इसमें से 97.61 लाख रुपये भुगतान दर्शाकर गबन कर लिया। एक-एक खाते पर चार-पांच लोगों के आधार व पैन नंबर लगाकर डीबीटी (डॉयरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिये अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं की धनराशि भी डकार गए।
उप महाप्रबंधक सर्वेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व वाली टीम की प्रारंभिक जांच में ये खुलासा हुआ है। जांच टीम के मुताबिक, कैशियर चंद्र प्रकाश ने अपनी यूजर आईडी से आरती देवी के खाते में तीन आधार नंबर फीड किए हैं। किसान सम्मान निधि के 26 हजार इसी खाते में प्राप्त किए और भुगतान दिखाकर निकाल लिया।
निष्क्रिय खातों को खुद की आईडी से किया जीवित
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि तीन मार्च 2022 को शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार गंगवार और कैशियर/लिपिक चंद्र प्रकाश ने अपनी-अपनी यूजर आईडी से बिटोली के नाम के खाते को संचालित किया। इससे 49,600 रुपये डेबिट कर राममूर्ति देवी के खाते में क्रेडिट किया। फिर उसी दिन राममूर्ति के खाते से 49,500 रुपये शाखा प्रबंधक व कैशियर ने निकाल भी लिए।



