बागपत

वन ट्रिलियन डॉलर लक्ष्य को लेकर डीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित

जिले की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए विभागों को दिए गए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो

बागपत। उत्तर प्रदेश को 2027 तक वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के राज्य सरकार के संकल्प को साकार करने की दिशा में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में वन ट्रिलियन डॉलर सेल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश के प्रत्येक जिले में यह सेल गठित किया गया है, जिसका उद्देश्य जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति देना और राज्य की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में प्रभावी योगदान सुनिश्चित करना है।

डीएम अस्मिता लाल ने बताया कि जिले की अर्थव्यवस्था से जुड़े विभागों को तीन मुख्य क्षेत्रों में वर्गीकृत किया गया है—

  1. प्राथमिक क्षेत्र: कृषि, पशुपालन, वानिकी और मत्स्य पालन
  2. द्वितीयक क्षेत्र: उद्योग, निर्माण, बिजली एवं गैस
  3. तृतीयक क्षेत्र: व्यापार, पर्यटन, परिवहन और वित्तीय सेवाएं

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी योजनाओं एवं नीतियों को आर्थिक विकास की दिशा में केंद्रित करें, और समयबद्ध व परिणामोन्मुखी कार्ययोजना प्रस्तुत करें।

बैठक के दौरान जिला सांख्यिकी अधिकारी महेन्द्र सिंह द्वारा तैयार की गई सांख्यिकीय बुकलेट जिलाधिकारी को समीक्षा हेतु सौंप दी गई। यह बुकलेट विभिन्न विभागों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई है, जो जिले की वर्तमान आर्थिक स्थिति और विकास की संभावनाओं को दर्शाती है।

डीएम ने निर्देश दिए कि त्रैमासिक बैठकों का आयोजन नियमित रूप से 15 जुलाई, 15 अक्टूबर, 15 जनवरी एवं 15 अप्रैल को किया जाए, ताकि लक्ष्य प्राप्ति की प्रगति की सतत निगरानी की जा सके।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button