अलवर
जिला कलक्टर ने ली जिला पर्यटन समिति की बैठक
टहला - थानागाजी क्षेत्र में टूरिज्म सर्किट विकसित करने के प्रस्ताव बनाने एवं हेरिटेज वॉक एवं नाइट टूरिज्म के लिए विस्तृत डीपीआर तैयार करने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में आज मिनी सचिवालय स्थित कलक्ट्रेर सभागार में जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक आयोजित हुई।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं, जिसके विकास को तीव्र गति देने के लिए संबंधित विभाग समन्वित प्रयास करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित कर टहला-थानागाजी क्षेत्र में टूरिज्म सर्किट विकसित करने के लिए मंगलसर बांध को बर्ड व्यू साइट, नीलकंठ महादेव मंदिर एवं भानगढ़ किला में डेवलपमेंट के कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार करें। उन्होंने निर्देश दिए कि इस क्षेत्र में होम स्टे की सुविधाएं व लोकल प्रोडक्ट की बिक्री इत्यादि को भी प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने शहर में होप सर्कस से सागर तक हेरिटेज वॉक एवं नाइट टूरिज्म विकसित करने के लिए
तैयार की जा रही डीपीआर पर विस्तृत चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर पथ को विकसित करने के लिए नाली, फुटपाथ, बिजली लाइन व्यवस्थितिकरण, ग्रीनिंग, रोड लाइट, इंटरलॉकिंग, फोबल स्टोनिंग इत्यादि कार्यों को सम्मिलित करें। उन्होंने यूआईटी के अधिकारियों को निर्देश दिए की भर्तृहरि पैनोरमा एवं हसन खान मेवाती पैनोरमा में सौंदर्यकरण के लिए पार्क विकसित किया जाए, वहीं नगर निगम फतेहगंज गुंबद के पार्क का सौंदर्यकरण कार्य करावें।
जिला कलक्टर ने निर्देशित किया कि पर्यटन स्थलों पर जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यकरण के कार्यों जिनमें भर्तृहरि धाम विकास कार्य, सरिस्का टाइगर रिजर्व में पर्यटन के आधारभूत कार्य, मांचाडी में किला, रानी का कुआं, बराई माता मंदिर जीर्णोद्धार कार्य, जयसमंद झील एवं गेस्ट हाउस सौंदर्यकरण कार्य इत्यादि को यथाशीघ्र गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं। साथ ही पर्यटन स्थलों के लिए अप्रोच सड़कों के कार्य भी यथाशीघ्र पूर्ण किये जाए। उन्होंने टूरिज्म विभाग की उपनिदेशक को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र एवं पर्यटन स्थलों के आसपास आकर्षक साईनेज के लिए जगह चिन्हित कर साईनेज लगवाएं।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय योगेश डागुर, नगर निगम आयुक्त जितेंद्र सिंह नरूका, यूआईटी के उप सचिव सोहन सिंह नरुका, प्रशिक्षु आईएएस ऐश्वर्यम प्रजापति, पर्यटन विभाग की सहायक निदेशक टीना यादव, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियन्ता भूरी सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




