अमरोहा
अमरोहा में दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग पर बड़ा हादसा
आगे-पीछे चल रहे दो कंटेनरों में भिड़ंत, चालक की मौत; हेल्पर घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : गजरौला थाना इलाके में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। आगे-पीछे चल रहे बजर फुट लदे दो कंटेनरों में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक कंटेनर का चालक क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गया और उसकी मौत हो गई।
मेरठ के थाना किठौर क्षेत्र के गांव कायस्थ बड्डा निवासी 35 वर्षीय साजिद कंटेनर चला रहा था। उसके साथ इसी गांव का रहने वाला वसीम हेल्पर था। दोनों मंगलवार सुबह करीब छह बजे बाजपुर से कंटेनर में बजरफुट लादकर मेरठ जा रहे थे।
साजिद की तड़प-तड़पकर मौत हो गई
गजरौला में हाईवे पर ब्रजघाट पुलिस चौकी क्षेत्र में गांव मोहम्मदाबाद के सामने पुल पर आगे चल रहे दूसरे बजरफुट लदे कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इस दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार साजिद का कंटेनर आगे वाले में जा घुसा।तेज धमाके के साथ हुए हादसे में अगले कंटेनर की बाडी का हिस्सा पीछे से टकराए कंटेनर के अगले हिस्से में घुस गया। इससे पूरा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक साजिद उसमें फंस गया। करीब दो घंटे तक फंसे रहने की वजह से साजिद की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। पुलिस और आसपास के ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त हिस्सों को काटकर शव को बाहर निकाला। हादसे में हेल्पर वसीम भी घायल हुआ है।हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन हाईवे पर खड़ा होने से जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी मिलने पर साजिद के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।



