बागपत

बालैनी के श्री कृष्ण इंटर कॉलेज में आरोग्यम वाटिका हुई स्थापित

विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा ने लौंग का पौधा लगाकर आरोग्यम वाटिका का किया शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
अमीनगर सराय/बागपत : शुक्रवार को बालैनी के श्री कृष्ण इंटर कॉलेज में “श्री कृष्ण आरोग्यम वाटिका” की स्थापना एवं संस्था प्रमुखों के साथ एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मेरठ-सहारनपुर खंड से विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ लौंग का पौधा लगाकर किया। यह औषधीय पौधों से सुसज्जित आरोग्यम वाटिका विद्यार्थियों को प्रकृति अनुकूल एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। श्री कृष्ण इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में भव्य एवं उद्देश्यपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसकी सभी ने सराहना की।
विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा, “शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसमें संस्कार, स्वास्थ्य और जीवन मूल्यों का समावेश होना जरूरी है। विद्यालय वह स्थान है जहाँ से न केवल भविष्य के नागरिक, बल्कि जिम्मेदार और संवेदनशील इंसान तैयार होते हैं। हमें शिक्षा में ऐसी पहल करनी चाहिए जिससे बच्चे जड़ों से जुड़ें, प्रकृति का महत्व समझें और जीवन में अनुशासन अपनाएँ।” उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षक-छात्र अनुपात को संतुलित करने और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों को संसाधनों से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथियों में राजीव तोमर, प्रीति भारद्वाज, बूल चंद  ने भी तेज पत्ता, अपराजिता, दाल चीनी, शतावर सहित विभिन्न औषधीय पौधे लगाकर सहभागिता दर्ज की। संगोष्ठी में जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए। इस अवसर पर शिक्षाविदों ने इस प्रकार की पहलों को शिक्षा के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया और विद्यालय परिसर में आरोग्यम वाटिका जैसी अवधारणाओं को छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण माना। कार्यक्रम में शिक्षाविद डॉ प्रीति शर्मा, राकेश कुमार, डॉ सत्यवीर सिंह, राज्य युवा पुरस्कार से विभूषित अमन कुमार सहित अन्य लोगों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button