उत्तर प्रदेश को मधुशाला नहीं, पाठशाला चाहिए-संजय सिंह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। योगी सरकार के 27000 सरकारी स्कूल बंद करने और 27308 शराब की दुकान खोलने के फैसले के खिलाफ आम आदमी पार्टी यूपी प्रभारी सांसद संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं सहित मेरठ जनपद में प्राथमिक विद्यालय गोटका से प्राथमिक विद्यालय गगोल नंबर 2 तक विरोध प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च किया । इस दौरान गांव के सैकड़ों बच्चे और अभिभावक उनके साथ पैदल मार्च में शामिल हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की ।
श्री सिंह ने इसे योगी सरकार की शिक्षा विरोधी मानसिकता बताते हुए कहा कि यह गरीब दलित पिछड़ा वंचित समाज के बच्चों के भविष्य पर हमला है। हम सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे । स्कूलों का बंद किया जाना शिक्षा के अधिकार अधिनियम का उल्लंघन है जो हर बच्चे को एक किलोमीटर के दायरे में स्कूल की गारंटी देता है स्कूल की दूरी अधिक होने से बालिकाओं सहित कई बच्चों की पढ़ाई छूट रही है । उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश में लाखों बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं, वहां हजारों स्कूल या तो बंद कर दिए गए हैं या जर्जर हालत में चल रहे हैं, और दूसरी तरफ शराब की दुकानों की बाढ़ आई हुई है। आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में प्राथमिक स्तर पर 1.93 लाख शिक्षकों के पद खाली हैं। माध्यमिक में 3,872 और वरिष्ठ माध्यमिक में 8,714 शिक्षक नहीं हैं। मतलब ये कि सरकार खुद मानती है कि करीब 2 लाख शिक्षक नहीं हैं, लेकिन फिर भी उनकी भर्ती की कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई। कई जिलों में ऐसे प्राथमिक विद्यालय चल रहे हैं जहां सिर्फ एक शिक्षक पूरे स्कूल को संभाल रहा है।
आम आदमी पार्टी ने पूरे प्रदेश में ‘स्कूल बचाओ आंदोलन’ शुरू किया है। हम गांव-गांव जाकर जनता को बताएंगे कि योगी सरकार बच्चों से किताबें छीनकर शराब की बोतल थमा रही है। हम ‘मधुशाला नहीं पाठशाला चाहिए’ के नारे के साथ यह आंदोलन तब तक चलाएंगे जब तक प्रदेश में हर बच्चे को शिक्षक, स्कूल और शिक्षा का अधिकार नहीं मिल जाता।
इस मौके पर सांसद संजय सिंह, पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेन्द्र ढाका, जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी, महानगर अध्यक्ष अंकित गिरी, किसान प्रदेश अध्यक्ष अशोक कमांडो, मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष अरविंद बालियांन, बागपत जिला अध्यक्ष ओमवीर सिंह, नोएडा जिला अध्यक्ष राकेश अवाना आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


