जयपुर
अमेरिका से आयातित कोयले में मिलावट कर धोखाधड़ी का पर्दाफाश
कोयला चुराती थी गैंग, नकली डस्ट मिलाकर सीमेंट और स्टील कम्पनियों को बेचती थी गैंग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जयपुर। राजस्थान पुलिस ने अमेरिका से आयातित कोयले में मिलावट कर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस फर्जीवाड़े के जरिए आरोपी खुद तो रोजाना लाखों रुपए की कमाई कर रहा था, लेकिन सीमेंट और स्टील फैक्ट्रियों को करोड़ों रुपए का चूना लगा रहा था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम इरफान (32) है, जो कि ट्रक चालकों से 5 से 7 हजार रुपए प्रति टन के हिसाब से कोयला खरीदता था और बदले में नकली डस्ट कोयला मिलाकर आगे भेज देता था। इससे वह महीने में 30 से 35 लाख रुपए की कमाई कर रहा था।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) दिनेश एमएन ने आगे इस बारे में बताते हुए कहा कि सीआईडी (क्राइम इंवेस्टिगेशन टीम) टीम को पिछले कुछ समय से अमेरिकी कोयले की चोरी की सूचनाएं मिल रही थीं। यह गिरोह अमेरिका से आयातित उच्च गुणवत्ता वाले कोयले (पेट कोक) में मिलावट कर रहा था। जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाते हुए मुखबिरों की मदद ली और आरोपियों तक पुहंच गई। उन्होंने बताया कि इस गोरखधंधे को गुजरात के कुछ कोयला माफिया अंजाम दे रहे थे। अधिकारी ने कहा कि मुखबिरों से मिली जानकारी के अनुसार गुजरात के कुछ कोयला माफियाओं ने पिंडवाड़ा-आबूरोड राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर भुजेला पर एक बंद फैक्ट्री किराए पर ले रखी थी। साथ ही इस अपराध को अंजाम देने के लिए उन्होंने कीमती कोयले को लाने-ले जाने वाले ट्रक ड्राइवरों से भी सांठ-गांठ कर ली थी। उन्होंने कहा, ये शातिर अपराधी ट्रक चालकों को मोटी रकम का लालच देकर उनके ट्रकों से पांच से 10 टन शुद्ध विदेशी कोयला निकलवा लेते थे और उसकी जगह पर उतनी ही मात्रा में नकली कोयला पाउडर डस्ट मिला देते थे। पुलिस ने बताया कि ट्रकों से चुराए गए कीमती कोयले को इस गिरोह के लोग आगे छोटी औद्योगिक इकाइयों को ऊंचे दाम पर बेच देते थे और इस तरह लाखों रुपए की अवैध कमाई की जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस की विशेष टीम ने शुक्रवार को संदिग्ध फैक्ट्री परिसर पर छापा मारा और मौके से पुलिस ने दो ट्रक, एक लोडर, एक डोजर मशीन जब्त की और मुख्य आरोपी इरफान को गिरफ्तार कर लिया।


