अमरोहा
चोरी की घटनाओं से बढ़ी ग्रामीणों की चिंता
अमरोहा में सीओ ने कहा- संदिग्ध दिखे तो सीधे पुलिस को सूचना दें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने कदम उठाया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत व प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने गांव मंगरौली में ग्रामीणों से संवाद किया। शुक्रवार रात को आयोजित इस बैठक में कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा भी उपस्थित थे। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं और ड्रोन से रेकी की अफवाहों ने ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। इसके चलते कई गांवों में लोगों ने संदिग्धों को चोर समझकर पकड़ा और मारपीट की। सीओ पंत ने ग्रामीणों को समझाया कि वे कानून अपने हाथ में न लें। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो उसे सीधे पुलिस के हवाले करें। किसी के साथ मारपीट न करें। सीओ ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी। पुलिस टीम अब गांव-गांव जाकर चौपाल लगा रही है। बैठक में हल्का दरोगा उमेश कुमार, उ ० नि ० परविंदर सिंह, ग्राम प्रधान जसवीर सिंह, उमर और अलीमुद्दीन सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। यह प्रयास ग्रामीणों में विश्वास बहाल करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जा रहा है।


