कांवड़ यात्रा पर हेलीकॉप्टर से नजर
आयुक्त व डीआईजी ने किया हवाई निरीक्षण, कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मेरठ। शासन के निर्देश पर शनिवार को मेरठ मंडल के आयुक्त हृषिकेश भास्कर यशोद एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने जनपद में कांवड़ यात्रा मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था का हवाई निरीक्षण किया।
हेलीकॉप्टर से किए गए इस हवाई सर्वेक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाबा औघड़नाथ मंदिर, बेगमपुल, सिवाया टोल प्लाजा, सकौती, दादरी, सलावा, नानू पुल, पूठखास पुल, जानी पुल, कंकरखेड़ा फ्लाईओवर सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, यातायात एवं व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त व डीआईजी ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और उनके सुरक्षित एवं सुगम यात्रा की कामना की।
अधिकारियों ने जिला प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता एवं ट्रैफिक नियंत्रण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। कांवड़ियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कांवड़ यात्रा के दौरान हवाई निरीक्षण और पुष्पवर्षा का यह आयोजन श्रद्धालुओं में उत्साह और विश्वास का संचार करता दिखा।


