भारी बारिश में बहा पुलिया, बेसरा-कुशमाहा मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप
Culvert washed away in heavy rain, traffic on Besara-Kushmaha road completely halted

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लातेहार ( झा०खं०), जिला में एक माह से अधिक समय से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने प्रखण्ड के टोंटी से कुशमाहा जाने वाली मुख्य सड़क पर स्थित बेसरा गांव के भुरका आहर के पास बना पुलिया रविवार को तेज बहाव में पूरी तरह बह गया। पुलिया टूट जाने से बेसरा, कुशमाहा, माकर, भाटचतरा सहित कई टोलों के करीब तीन हजार ग्रामीणों का संपर्क प्रखंड मुख्यालय, बाजार, अस्पताल और विद्यालयों से कट गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग क्षेत्रवासियों के लिए एकमात्र प्रमुख रास्ता है। इसी मार्ग से लोग आवश्यक सेवाओं के लिए आते-जाते थे। अब मार्ग बंद हो जाने से लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिया बह जाने से ग्रामीणों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। पैदल चलना भी अब खतरे से खाली नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने से नाले को पार करना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीण कुंदन यादव, रूपेंद्र यादव, बाबूलाल गंझू, सहदेव उरांव, पप्पू यादव, दिगंबर यादव, पिंटू पासवान, रोहित गंझू, सुकूल गंझू, युगेस्वर तुरी, सोना गंझू, निर्मल गंझू, महेंद्र गंझू, यशवंत यादव, पावन गंझू समेत कई लोगों ने प्रशासन से अविलंब वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक पुलिया का पुनर्निर्माण नहीं होता, तब तक अस्थायी आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की है।



