
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
अमेठी। रविवार 27जुलाई को होने वाली आर ओ और ए आर ओ की परीक्षा को शांति पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जिला प्रशासन में लगा हुआ है।
सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।सभी परीक्षा केंद्रों पर केन्द्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

मंगलवार को जिलाधिकारी संजय चौहान व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कलेक्ट्रेट सभागार में सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र एवं सह केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में उ0प्र0 लोक सेवा आयोग द्वारा नामित प्रेक्षक दिनेश चन्द्र जोशी ने सभी को आयोग के निर्देशों से अवगत कराया। बैठक में बताया गया कि दिनांक 27 जुलाई को आरओ एवं एआरओ की परीक्षा जनपद के 13 परीक्षा केन्द्रों पर एक सत्र पूर्वान्ह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक सम्पन्न होगी जिसमें 5376 परीक्षार्थी सम्मिलित होगें। परीक्षा केन्द्रों में परीक्षार्थियों को प्रातः 8 बजे से प्रातः 8.45 बजे तक प्रवेश करना होगा। बैठक में जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, सह केन्द्र व्यवस्थापक को निर्देशित किया कि आरओ/एआरओ की परीक्षा को जनपद में सकुशल, शुचितापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करायें, जिनको जो भी दायित्व दिये गये है उसका अक्षरशः अनुपालन किया जाये, नहीं तो सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। परीक्षा के दौरान कोई भी अनावश्यक व्यक्ति परीक्षा केन्द्रों में न आने पाये और अन्दर का व्यक्ति बाहर न जाने पाये। परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्र व्यवस्थापक व स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा किसी अन्य के पास मोबाइल फोन न रहे। परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्न पत्रों को समय से पहुॅचाये एवं समय से जमा करायें। स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों की तैयारियों का भौतिक सत्यापन कर लें और परीक्षा के दिन सभी मजिस्ट्रेट अपने-अपने परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित रहकर परीक्षा को सकुशल संपन्न करायेंगे। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस की तैनाती कर दी गयी है। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ राजेश द्विवेदी, केन्द्र व्यवस्थापक, सह केन्द्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

