बड़ौत मेडिसिटी हॉस्पिटल में 24 घंटे डायलिसिस एवं नेफ्रोलॉजी विभाग का शुभारंभ,
एसपी सूरज कुमार राय ने किया उद्घाटन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत/बागपत : नगर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए बड़ौत मेडिसिटी हॉस्पिटल में डायलिसिस एवं नेफ्रोलॉजी (गुर्दा रोग) विभाग का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बागपत के पुलिस अधीक्षक श्री सूरज कुमार राय ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन अवसर पर एसपी सूरज कुमार राय ने कहा,
“यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि अब गुर्दा रोग से पीड़ित मरीजों को डायलिसिस जैसी महत्त्वपूर्ण सुविधा अपने ही शहर बड़ौत में 24 घंटे उपलब्ध होगी। अब उन्हें मेरठ या दिल्ली जैसे बड़े शहरों में जाकर इलाज कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।”
इस अवसर पर गुर्दा रोग विशेषज्ञ (नेफ्रोलॉजिस्ट) डॉ. अमित मान द्वारा निशुल्क चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 100 मरीजों की जाँच की गई और उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। डॉ. अमित मान ने मरीजों को किडनी संबंधी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए और गुर्दा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
बड़ौत मेडिसिटी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. मनीष तोमर ने कहा,
“हमारा प्रयास है कि बड़ौत और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़े शहरों के समान ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं यहीं उपलब्ध हों। नेफ्रोलॉजी विभाग की शुरुआत इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। आने वाले समय में हम और भी विशिष्ट चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करेंगे, ताकि बड़ौत मेडिकल हब के रूप में विकसित हो सके।”
डॉ. अमित मान ने जानकारी दी कि:
- बड़ौत मेडिसिटी हॉस्पिटल में अब डायलिसिस सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
- नेफ्रोलॉजी ओपीडी हर माह के पहले रविवार को नियमित रूप से आयोजित की जाएगी।
- अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना, ECHS पैनल, सभी प्रमुख इंश्योरेंस कंपनियों एवं TPA के अंतर्गत कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध है।
कार्यक्रम में मेडिसिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनीष तोमर, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. गीतांजलि तोमर, डॉ. आशीष चौधरी, डॉ. शश्या तोमर, प्रदीप शर्मा, वीरेंद्र, अर्जुन, राहुल पवार समेत अस्पताल स्टाफ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शहरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल स्वास्थ्य सेवा की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि समय और आर्थिक बोझ में भी राहत मिलेगी।



