असम के मंत्री अशोक सिंघल ने किया विश्वनाथ जिले में भूमि अधिकार प्रमाण पत्र वितरित ।
विश्वनाथ जिले में 2145 दावेदार होंगे लाभार्थी।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : वन भूमि अधिकार अधिनियम, 2006 के अंतर्गत असम के विश्वनाथ जिला प्रशासन ने आज सोमवार को जिले के वनभूमि में निवासरत 2145 लाभार्थियों को भूमि अधिकार प्रमाण पत्र (Title Certificate) औपचारिक रूप से प्रदान किए। विश्वनाथ के कमलकांत नाट्य समाज में आज आयोजित एक सभा में, विश्वनाथ के विधायक प्रमोद बोरठाकुर, गहपुर के विधायक उत्पल बोरा और बिहाली के विधायक दिगंत घाटवाल की उपस्थिति में असम सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के मंत्री तथा विश्वनाथ के अभिभावक मंत्री अशोक सिंघल ने भूमि अधिकार प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले सभी लाभार्थियों को औपचारिक रूप से प्रमाण पत्र वितरण प्रक्रिया की शुरुआत की। उल्लेखनीय है कि विश्वनाथ जिले के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की वनभूमि में निवास करने वाले कुल 2145 लाभार्थियों को यह भूमि अधिकार प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। इस प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए अपने भाषण में असम के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के मंत्री एवं विश्वनाथ जिले के अभिभावक मंत्री अशोक सिंघल ने कहा कि वन अधिकार अधिनियम, 2006 के अंतर्गत असम के खिलंजिया लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सुरक्षित बनाने के लिए यह असम सरकार का एक अभिनव कदम है। राज्य सरकार इस कानून के क्रियान्वयन के माध्यम से राज्य के खिलंजिया लोगों को भूमि अधिकार देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने यह भी कहा कि वन अधिकार समिति के गठन के जरिए इसके सदस्यों के माध्यम से क्षेत्र स्तर पर इस कानून के सही क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए सरकार सतत् निगरानी रखती है। इसी कदम के तहत राज्य सरकार ने विश्वनाथ जिले में भी खिलंजिया जनता को लाभान्वित करने की पहल की है। आज भूमि अधिकार प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले प्रत्येक लाभार्थी को उन्होंने बधाई दी। विश्वनाथ के जिला आयुक्त सीमाांत कुमार दास ने स्वागत भाषण दिया और अंजन भोरा द्वारा परिचालन किए कार्यक्रम के इस अवसर पर विश्वनाथ के विधायक प्रमोद बोरठाकुर ने अपने भाषण रखे और प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले सभी को बधाई दी। आज के इस विशेष कार्यक्रम में विश्वनाथ जिले के तीन विधायक क्रमशः प्रमोद बोरठाकुर, उत्पल बोरा, दिगंत घाटवाल, विश्वनाथ जिला परिषद की नव निर्वाचित सभापति सूनिता ताती, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शुभाशीष बोरुआ, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लीजा तालुकदार , बिहाली सम- जिला आयुक्त ध्रुवज्योति दास, गहपुर सम- जिला आयुक्त लुकुमनि बोरा, अतिरिक्त जिला आयुक्त असिम बोरगोहाई, समाजसेवी असिम कुमार दास के अलावा सहायक आयुक्त एवं महकुमा कल्याण अधिकारी पुष्पांगकर पाटीर, भूमि की दखल स्वत्व प्राप्त करने वाले लोग, बड़ो, कार्बी, मिसिंग जातीय संगठनों के पदाधिकारी, वन अधिकार समिति के पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही। दूसरी ओर अभिभावक मंत्री ने जिले के साकोमठा में जल सिंचाई विभाग द्वारा पुनः निर्मित एक स्लुइस गेट को जनता को समर्पित किया और एक सार्वजनिक सभा को भी संबोधित किया।



