गोड्डा

धमसाय सड़क गड्ढों में तब्दील, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को हो रही परेशानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा : महगामा मुख्य पथ से धमसाय जाने वाली सड़क की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। सड़क की मरम्मत न होने के कारण यह पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे आमजन और श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धमसाय गांव स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में सावन महीने के दौरान विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। विशेष रूप से सोमवार के दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दूर-दराज से बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए यहाँ आते हैं। लेकिन मंदिर तक पहुँचने का यही एकमात्र मार्ग अब बड़े-बड़े कीचड़युक्त गड्ढों का रूप ले चुका है।
पूरे रास्ते में जलजमाव और कीचड़ होने के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। बाइक सवारों को बार-बार फिसलने की समस्या हो रही है, वहीं वृद्ध और महिलाएं भी काफी कठिनाई से मंदिर तक पहुँच पा रही हैं। कई श्रद्धालु मंदिर तक पहुँचने से पहले ही लौटने को मजबूर हो रहे हैं।
श्रद्धालु बोले – प्रशासन को नहीं है जनता की परवाह
श्रद्धालु रिंकू भगत ने कहा, “हर साल सावन में यहां हजारों लोग आते हैं, लेकिन सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है। लगता है प्रशासन तब तक नहीं जागेगा जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हो जाता।”
वहीं स्थानीय ग्रामीण डॉली देवी ने बताया कि “बारिश शुरू होते ही सड़क की हालत और भी बदतर हो जाती है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे, मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी मुश्किल होती है। सरकार और प्रशासन को जनता की कोई फिक्र नहीं है।”ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि इस सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। ताकि आम जनों को अवागमन में सुविधा हो सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button