वैज्ञानिक नवाचार पर कार्यशाला आयोजित, शिक्षकों को किया गया प्रेरित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। विज्ञान भारती के तत्वावधान में मेरठ इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) में “सस्टेनेबल डेवलपमेंट हेतु वैज्ञानिक नवाचार” विषय पर प्रधानाचार्यों एवं विज्ञान शिक्षकों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आशुतोष, क्षेत्रीय संगठन सचिव, विज्ञान भारती (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. मयूरी दत्ता एवं डॉ. सुखपाल सिंह तोमर, प्रांतीय महामंत्री, उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद, ने प्रतिभाग किया।
डॉ. मयूरी दत्ता ने विद्यावान – विद्यार्थी विज्ञान मंथन (VVM) के उद्देश्यों और इसके शैक्षिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. सुखपाल सिंह तोमर ने कहा कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से जुड़े कक्षा 10 व 12 के लगभग 50 लाख विद्यार्थी हैं, जिन्हें वैज्ञानिक नवाचार की ओर प्रेरित करना समय की आवश्यकता है।
एमआईटी के प्राचार्य डॉ. हिमांशु कुमार ने बताया कि उन्होंने एक विशेष टीम का गठन किया है जो विभिन्न विद्यालयों में जाकर प्रधानाचार्यों एवं विज्ञान शिक्षकों के सहयोग से विद्यार्थियों को नवाचार के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डॉ. विवेक शुक्ला, डॉ. प्रवीण शर्मा, डॉ. अनुराग रस्तोगी, डॉ. इंद्रेश अधाना, डॉ. रोहिताश सिंह, डॉ. दीप्ति राघव, डॉ. मंजु सिंह, डॉ. बीना तिवारी, उमेश कुमार, नीत नारायण भारती, नारायण लाल, रमेश कुमार, ज्योति अग्रवाल, हुमा प्रवीण सहित अनेक शिक्षाविद एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
सभी प्रतिभागी प्रधानाचार्यों को प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. प्रवीण शर्मा, जिला मंत्री, उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद, मेरठ ने किया।


