अमरोहा
अमरोहा में तेंदुए का आतंक
नौगावां गांव बांसखेड़ी में घर के बाहर टहलता दिखा तेंदुआ, सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जिले में तेंदुए का आतंक जारी है। पिछले कई दिनों से जिले के विभिन्न इलाकों में तेंदुआ दिखाई दे रहा है। अब नौगांव सादात थाना क्षेत्र के गांव बांसखेड़ी में एक बार फिर तेंदुआ नजर आया है।
गांव बांसखेड़ी में अनवर हुसैन का परिवार रहता है। उनका मकान गांव के बाहरी छोर पर भट्टे की तरफ है। उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ कैद हो गया। रात लगभग 12 बजे अनवर के भाई शाह आलम की पत्नी रूही की नजर सीसीटीवी स्क्रीन पर पड़ी। उन्होंने देखा कि तेंदुआ घर के बाहर टहल रहा है।
तेंदुए को देखने के बाद ग्रामीणों ने जंगल में उसकी तलाश की। लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। गांव में तेंदुए के दिखने से दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण अब खेतों पर गुट बनाकर और हाथों में लाठी-डंडे लेकर जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने और पिंजरा लगवाने की मांग की है। हालांकि, वन विभाग अभी तक तेंदुए को पकड़ने में सफल नहीं हुआ है।



