
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बिजनौर। धामपुर क्षेत्र की एसडीएम रीतू रानी को अज्ञात नंबर से की गई काल में मिली धमकी में 15 लाख रुपये की तत्काल फिरौती की मांग की गई, और नहीं देने पर तंजील अहमद हत्याकांड जैसा अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
कोतवाली धामपुर में रीतू रानी द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार 24 जुलाई को दोपहर 2:50 बजे एसडीएम के सरकारी सीयूजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से लगातार धमकी भरे मैसेज और फोटो भेजे गए। भेजे गए संदेशों में धमकी, अंजाम भुगतने की धमकियां और बारकोड् के जरिए लाखों रुपये ट्रांसफर करने के निर्देश शामिल थे।
धमकी देने वाले ने 2016 में धामपुर के ही पास एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील अहमद की हत्या का जिक्र करते हुए लिखा कि अगर रुपये नहीं भेजे, तो वही अंजाम दोहराया जाएगा। इस धमकी से पूरे प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मचा दिया है।
एसडीएम रीतू रानी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को लिखित शिकायत देकर स्क्रीनशॉट्स साक्ष्य के रूप में सौंपे हैं। उन्होंने विधिक कार्यवाही की मांग की है। मामला प्रकाश में आते ही
पुलिस व साइबर सेल सतर्क हो गया है।घटना के बाद जिले के आला अधिकारी हरकत में आ गए हैं। पुलिस की टीम ने मोबाइल नंबर की जांच शुरू कर दी है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी शुरू हो गई है।



