गोड्डा
बिना कागजात वाहन चालकों पर चला डीटीओ का डंडा
बोआरीजोर में चेकिंग अभियान के दौरान ₹27000 जुर्माना वसूला

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा: जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) कंचन भदोलिया ने बुधवार को बोआरीजोर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरियो-बोआरीजोर मुख्य सड़क पर पुलिस बल के साथ विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान बिना वैध कागजात के चल रहे दर्जनों दोपहिया वाहनों से कुल ₹27000 का जुर्माना वसूला गया।
वाहन जांच की भनक लगते ही सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन चालक रास्ते में ही गाड़ी छोड़कर पास की दुकानों में जा बैठे, तो कुछ मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी कोशिश नाकाम रही।
जांच के दौरान एक दर्जन से अधिक वाहन चालकों के पास परमिट, फिटनेस, इंश्योरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट जैसे आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए गए, जिसके चलते उनसे मौके पर ही जुर्माना वसूला गया।
इस बाबत डीटीओ कंचन भदोलिया ने बताया कि “जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) का पालन करवाने हेतु ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेज के किसी भी वाहन को सड़कों पर चलने की इजाजत नहीं दी जाएगी, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस चेकिंग अभियान में परिवहन विभाग की टीम के साथ बोआरीजोर थाना पुलिस भी पूरी मुस्तैदी से मौजूद रही।



