मथुरा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले पूरा होगा गोविंद नगर सड़क का कार्य

 मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और 15 अगस्त की तैयारियों को लेकर प्रशासन के साथ-साथ नगर निगम के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने कमर कस ली है। महापौर व नगर आयुक्त ने गोविंदनगर में सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माणाधीन सड़क का हाल जाना। साथ ही 10 अगस्त से पहले निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि कई बार कार्यदायी संस्था को काली सूची में डालने का नोटिस जारी हो चुके हैं। बावजूद इसके कार्यदायी संस्था निर्माण कार्य में लापरवाही बरत रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत गोविंद नगर क्षेत्र में सड़क का निर्माण हो रहा है। इसका टेंडर 24 करोड़ रुपये में नेशनल हाईवे कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है। ये काम 15 माह में पूर्ण करना था, लेकिन संबंधित कंपनी द्वारा शुरुआत से ही कार्य धीमी गति से कराया जा रहा है। पूर्व नगर आयुक्त शशांक चौधरी कई बार इस कंपनी को चेतावनी दी थी। इसके बावजूद कार्य ने रफ्तार नहीं पकड़ी। इसके बाद नगर आयुक्त जग प्रवेश ने भी कार्यदायी संस्था को काली सूची में डालने के लिए नोटिस जारी किया था। फिर भी संस्था के पदाधिकारियों ने कार्य की गति नहीं बढ़ाई। बुधवार को महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण किया। साथ ही जन्माष्टमी से पहले 10 अगस्त तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़क निर्माण से संबंधित नाला, सीवरेज एवं विद्युत केबलों को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए हैं। इस दौरान वार्ड-60 के पार्षद नीरज वशिष्ठ, राजकुमार, धनंजय पटेल, धर्मेश तिवारी, अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोपाल बाबू गर्ग समेत अन्य मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button