एनएच-419 पर क्षतिग्रस्त पुलिया बनी परेशानी, ग्रामीणों को हो रही भारी दिक्कत
Damaged culvert on NH-419 is causing trouble, villagers are facing a lot of problems

सिराज अंसारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा। जामताड़ा से धनबाद जिले के पोखरिया मोड़ को जोड़ने वाले एनएच-419 मार्ग पर स्थित पुलिया कई महीनों से क्षतिग्रस्त पड़ी है। पुलिया निर्माण कार्य शुरू करने के लिए इसे तोड़ा गया था, लेकिन फिलहाल केवल नीचे से मिट्टी भरकर आवागमन की अस्थायी व्यवस्था की गई थी। भारी बारिश के कारण मिट्टी बह जाने से यह रास्ता पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थिति के कारण उन्हें आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को अस्पताल ले जाने में दिक्कतें आ रही हैं और एंबुलेंस चालक भी खराब सड़क देखकर आने से मना कर देते हैं। ग्रामीण डॉक्टर महताब अंसारी ने कहा कि “कम से कम निर्माण कार्य पूरा होने तक अस्थायी मार्ग को फिर से दुरुस्त कर देना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।” ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण काम रुका पड़ा है। कई बार विरोध और शिकायत के बावजूद अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द कदम उठाने और अस्थायी रूप से आवागमन बहाल करने की मांग की है।


