साहेबगंज

साहिबगंज मंडरो बना मॉडल प्रखण्ड, सम्पूर्णता अभियान में हासिल किया 100% लक्ष्य

Sahibganj Mandro becomes a model block, achieved 100% target in Sampoornata Abhiyan

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहेबगंज। नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अन्तर्गत साहिबगंज जिले में “सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह” एवं “आकांक्षा हाट” का भव्य आयोजन आज सिदो-कान्हू सभागार परिसर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त श्री हेमंत सती ने की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया एवं मंडरो प्रखंड द्वारा विकास संकेतकों में प्राप्त 100% उपलब्धियों पर संबंधित अधिकारियों, कर्मियों और सामुदायिक प्रतिनिधियों को बधाई दी। यह कार्यक्रम विशेष रूप से 28 जुलाई से 2 अगस्त 2025 तक मंडरो प्रखंड में चलाए गए “सम्पूर्णता अभियान सप्ताह” की सफलता के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस अभियान का उद्देश्य था — गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच (ANC), बच्चों का पूर्ण टीकाकरण, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता, मृदा स्वास्थ्य कार्ड निर्माण, तथा डायबिटीज और हाइपरटेंशन की स्क्रीनिंग जैसे महत्वपूर्ण विकास संकेतकों में 100% लक्ष्य प्राप्त करना। सितंबर 2024 के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप साहिबगंज जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं, जो जिले के समग्र विकास और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। Aspirational District Program के अंतर्गत 9 से 11 माह के बच्चों का पूर्ण टीकाकरण दर 119% तक पहुँचकर लक्ष्य से भी अधिक प्राप्त किया गया है। सभी विद्यालयों में बिजली की सुविधा सुनिश्चित करते हुए 100% लक्ष्य प्राप्त किया गया है। साथ ही, शैक्षणिक सत्र प्रारंभ के एक माह के भीतर सभी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक वितरण सुनिश्चित कर इसे 0% से बढ़ाकर 100% किया गया, जो प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता को दर्शाता है। वहीं, Aspirational Block Program (Mandro) के अंतर्गत भी गर्भवती महिलाओं का प्रथम तिमाही में ANC पंजीकरण 75% से बढ़ाकर 100% तक किया गया। साथ ही, डायबिटीज एवं हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड निर्माण में भी सभी संकेतकों में 100% लक्ष्य प्राप्त कर महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है। ये उपलब्धियाँ जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और समस्त विभागीय टीमों की समन्वित प्रयासों और जनभागीदारी का प्रतिफल हैं। संपूर्णता अभियान के माध्यम से हमने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि समर्पण हो, तो किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। आज मंडरो प्रखंड ने हमें यह दिखाया कि एकजुट प्रयास कैसे ज़मीनी बदलाव ला सकते हैं। लेकिन यह सिर्फ़ एक शुरुआत है। साहिबगंज जिले को आकांक्षी से प्रेरणादायी जिलों की सूची में लाने की दिशा में हमारा यह प्रयास अब और तेज़ होगा। आने वाले तीन महीनों के लिए हमारी स्पष्ट कार्ययोजना तैयार है, जिसमें चार प्रमुख बिंदुओं पर हम पूरी ताक़त से कार्य करेंगे। 1. स्थानीय उत्पादों को बाज़ार उपलब्ध कराने हेतु जिला स्तरीय ‘आकांक्षा हाट’ की स्थापना की जाएगी, ताकि हमारे महिला समूहों और ग्रामीण हस्तशिल्पकारों को एक स्थायी विक्रय मंच मिल सके। 2. नीति आयोग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार आकांक्षी प्रखंड मंडरो में सितंबर माह के अंत तक सभी सूचकांकों में 100% उपलब्धि दर्ज करने हेतु मिशन मोड में काम किया जायेगा। 3. जिला स्तर पर एक डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की जा रही है, जिससे हमारे ग्रामीण एवं शहरी विद्यार्थियों में डिजिटल साक्षरता (Digital Literacy) को बढ़ावा दिया जा सके और वे बदलती दुनिया के साथ कदम से कदम मिला सकें। 4. और सबसे महत्वपूर्ण – आदिम जनजातियों के युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से पुरानी परंपरागत खादों और जल स्रोतों में मत्स्य पालन को पुनर्जीवित किया जाएगा। इस योजना के लिए ₹14.00 लाख की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे न केवल आजीविका बढ़ेगी बल्कि सांस्कृतिक पुनरुत्थान भी होगा। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है – साहिबगंज को समावेशी, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर जिले के रूप में स्थापित करना। और यह संभव है – आप सभी की भागीदारी से, हमारे कर्मियों की निष्ठा से, और एक सुनियोजित दृष्टिकोण से। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त द्वारा “आकांक्षा हाट” का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की गई। हाट में रेशम उत्पाद, बाँस से बने सजावटी सामान, हर्बल साबुन, जूट बैग एवं अन्य हस्तशिल्प प्रदर्शित किए गए। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्थानीय उत्पादों को बाज़ार उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्योग विकास बोर्ड और PMEGP योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे युवाओं और उद्यमियों को स्वरोजगार के नए अवसरों की जानकारी मिली। समारोह में उन कर्मियों और अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने अभियान को ज़मीनी स्तर तक सफल बनाने में प्रमुख भूमिका निभाई। इस अवसर पर विद्यालयों के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं और लोगों को “सशक्त, स्वच्छ एवं समावेशी साहिबगंज” का संदेश दिया। यह आयोजन न केवल मंडरो प्रखंड की सफलता का उत्सव था, बल्कि यह साहिबगंज जिले के आकांक्षी से प्रेरणादायी जिले बनने की यात्रा में एक ऐतिहासिक कदम भी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सतीष चंद्रा, जिला योजना पदाधिकारी अनुप कुमार, सिविल सर्जन डॉ. राम देव पासवान, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, ज़िला भू-अर्जन पदाधिकारी छोटेश्वर दास, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष, जिला मत्स्य पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार वन्हा, जिला उद्यान पदाधिकारी अमितेश रंजन, डीपीएम (JSLPS) मार्टिन तारीख, नगर परिषद के प्रतिनिधि अभिषेक सिंह तथा आकांक्षी प्रखंड फैलो (नीति आयोग) मनीष कुमार मिश्रा सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं लाभार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button