
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा/पथरगामा : सावन मास के अंतिम सोमवार को पथरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध धमसाई शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु तड़के चार बजे से ही मंदिर परिसर में जुटने लगे। वहीं महिलाओं की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही, जो पारंपरिक वेशभूषा में बेलपत्र, जल और प्रसाद के साथ पूजा के लिए पहुंचीं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
भीड़ नियंत्रण के लिए मंदिर के पीछे विशेष घेराबंदी की गई थी, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचाया गया। सुरक्षा बलों के साथ-साथ मंदिर कमिटी के लोग भी व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने जल, बेलपत्र, धतूरा, अक्षत एवं पुष्प अर्पित कर भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। पूरा मंदिर परिसर “बोल बम”, “हर हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान होता रहा। श्रावण मास के अंतिम सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष आस्था देखने को मिली। मंदिर प्रबंधन द्वारा जल की व्यवस्था, मार्ग निर्देशन और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया था।



