गोड्डा
पथरगामा में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण
नजरी नक्शा और बीएलओ रिपोर्ट तैयार करने की मिली जिम्मेदारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा( गोड्डा) – आगामी निर्वाचन प्रक्रिया की तैयारी को लेकर पथरगामा प्रखंड में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान केंद्रों से जुड़ी सभी सूचनाओं को सटीक, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से तैयार करना था।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नजरी नक्शा, कीमैप, कैब तथा बीएलओ रिपोर्ट तैयार करने की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से नजरी नक्शा तैयार करते समय मकान संख्या, परिवारों की संख्या, अनुभागों का निर्धारण तथा कोऑर्डिनेट पॉइंट्स को सही ढंग से अंकित करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।साथ ही, बीएलओ रिपोर्ट को सटीकता के साथ कैसे तैयार किया जाए, इस पर भी गहन चर्चा की गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि रिपोर्ट में कोई त्रुटि न हो और सभी आंकड़े अद्यतन व प्रमाणिक हों, यह सुनिश्चित किया जाए।प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश कुमार गौतम ने इस अवसर पर निर्देश देते हुए कहा कि सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्र का नजरी नक्शा स्वच्छ, स्पष्ट एवं रंगीन पेन का प्रयोग करते हुए तैयार करें, ताकि उसमें आवश्यक सूचनाएं आसानी से पहचानी जा सकें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में गुड़िया रानी, राजीव साह, प्रखंड समन्वयक मुकेश कुमार मंडल, नारायण दास सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



