मथुरा
गोवर्धन चौराहा से मंडी चौराहे तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम का अभियान निरंतर जारी है। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गोवर्धन चौराहा पर निगम की प्रवर्तन टीम ने अस्थाई और स्थाई अतिक्रमण हटाया। अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन की टीम गोवर्धन चौराहा पहुंची। टीम ने गोवर्धन चौराहा से मंडी चौराहा तक हाईवे किनारे से अतिक्रमण को हटाया। इसके साथ ही सौंख रोड पर भी अतिक्रमण अभियान चला। अभियान के दौरान नालों के ऊपर बनी अस्थाई दुकानों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान दुकानदारों से 5 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया। टीम में सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार, ईटीएफ प्रभारी कर्नल आरके सिंह आदि मौजूद रहे।



