गोड्डा
नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के नियमित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न।
सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखे जाएं: उपायुक्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : आज दिनांक 2 फरवरी 2026 को नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के निर्धारित समय-सीमा में नियमित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने निर्वाचन से जुड़े सभी विभागों एवं पदाधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है, अतः इसमें पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ व्यवस्था सर्वोपरि होनी चाहिए। उपायुक्त ने मतदाता सूची के अद्यतन, मतदान केंद्रों की तैयारी, मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, मत पत्र एवं मतपेटियों की सुरक्षा, प्रशिक्षण कार्यक्रम, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान एवं सतत निगरानी जैसे बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की। बैठक में निर्वाचन से जुड़े सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी तैयारियां, मतदान, कार्मिक प्रबंधन, सामग्री आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन एवं सूचना-प्रचार से संबंधित बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। उन्होंने आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक स्तर पर समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने नगर परिषद , गोड्डा एवं नगर पंचायत महागामा में मूलभूत सुविधाओं—जैसे बिजली, पेयजल, शौचालय, रैम्प एवं चिकित्सा सुविधा—की उपलब्धता मतदान केंद्रों पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही दिव्यांग, वृद्ध एवं महिला मतदाताओं की सुविधा पर विशेष ध्यान देने को कहा।बैठक में संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था संधारण, फ्लैग मार्च, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त बल की तैनाती तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा समयबद्ध रूप से सभी तैयारियों को पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण एवं आदर्श रूप में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को बताया गया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण हेतु सभी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही सतत गश्ती, फ्लैग मार्च एवं निगरानी के माध्यम से असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, मतदाताओं को डराने-धमकाने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उप विकास आयुक्त, गोड्डा दीपक कुमार दूबे,अपर समाहर्ता, गोड्डा प्रेमलता मुर्मू,अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा वैद्यनाथ उरांव, जिला कोषागार पदाधिकारी विजय मिश्रा, जिला पशुपालन पदाधिकारी मनोज कुमार,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल,संबंधित कोषांगों के नोडल पदाधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।



