मालन नदी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव -पुलिस कर रही शव की शिनाख्त के प्रयास

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बिजनौर। मंडावर मार्ग पर बहने वाली मालन नदी के पुराने रपटे पर पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। शव को देखते ही राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
बिजनौर-मंडावर मार्ग पर बहने वाली मालन नदी के पुराने रपटे पर मंगलवार सुबह अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। सूचना पर शहर कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव पहले रपटे पर जमे कचरे में फंसा था। गोताखोरों ने उसे रस्से के सहारे खींचकर किनारे तक पहुंचाया। शव काफी फूल चुका था और उसमें से तेज दुर्गंध आ रही थी।
मृतक ने काली टी-शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी। संभावना जताई जा रही है कि शव कहीं और से बहकर आया और मालन नदी के पुराने रपटे पर फंस गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सील कर दिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। पहचान की कोशिशें की जा रही हैं। उधर, इस घटना के चलते आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। शहर कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है।



