अमरोहा
अमरोहा में अवैध भ्रूण लिंग जांच का भंडाफोड़
डॉक्टर की पत्नी और एक अन्य महिला समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
अमरोहा जनपद कि तहसील हसनपुर में हरियाणा और अमरोहा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़े भ्रूण लिंग जांच रैकेट का पर्दाफाश किया है। गांव करनखाल में एक घर में चल रहे अवैध केंद्र पर छापेमारी की गई। हरियाणा के रोहतक जिले के पीसीपीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. विश्वजीत और अमरोहा के नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सक्सेना ने यह कार्रवाई की। टीम को मौके से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन और 25 हजार रुपए नकद बरामद हुए। जांच में पता चला कि यहां हरियाणा और पंजाब से आने वाली गर्भवती महिलाओं के भ्रूण लिंग जांच की जा रही थी। हसनपुर कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा के अनुसार, डॉ. दिनेश कुमार सक्सेना की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में डॉक्टर देवेंद्र, उनकी पत्नी पूनम, महिला दलाल सुधा (पिलखुवा निवासी), अमन, राहुल और धीरू शामिल हैं। पुलिस ने देवेंद्र, पूनम और सुधा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।


