बरहेट प्रखण्ड सभागार में खरीफ कार्यशाला का हुआ आयोजन
Kharif workshop was organized in Barhet block auditorium

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज। बरहरवा प्रखण्ड सभागार में खरीफ कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को खरीफ सत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं, तकनीकी जानकारियों तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों से अवगत कराना था। कार्यशाला में सबसे पहले डिजिटल क्रॉप सर्वे की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस सर्वे के माध्यम से किसानों की फसल संबंधी सटीक जानकारी प्राप्त कर योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही अतिवृष्टि एवं जल जमाव से होने वाली फसल क्षति के आकलन की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त मिलेट मिशन योजना की महत्ता पर प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने कहा कि मोटे अनाज की खेती से न केवल पोषण सुरक्षा मिलेगी बल्कि किसानों की आय भी बढ़ेगी। इसी क्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) और किसान समृद्धि योजना के प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई तथा किसानों को समय पर आवेदन करने और अपने बैंक खातों को आधार से लिंक कराने की सलाह दी गई। कार्यशाला में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना पर भी विस्तृत जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि बीमा योजना के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक आपदा, कीट एवं रोग से होने वाली फसल क्षति से सुरक्षा प्रदान की जायेगी। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, उप परियोजना निदेशक, बीएओ, बीटीएम, एटीएम, बीपीएम (JSLPS), कृषक मित्र एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने इस कार्यशाला को लाभकारी बताया और कृषि से संबंधित नवीन जानकारियों को अपने खेतों में लागू करने की प्रतिबद्धता जताई।

