हेट कर्माटांड़ के पास सड़क हादसा, मां-बेटा घायल
Road accident near Het Karmatand, mother and son injured

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। कर्माटांड़ थाना क्षेत्र अन्तर्गत नारायणपुर-कर्माटांड़ मुख्य मार्ग पर हेट कर्माटांड़ के पास शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, युवक विक्रम मंडल अपनी मां के साथ रिंगो-चिंगो से मां मनसा पूजा कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक बड़ी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कर्माटांड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें पारस मेडिकल, जामताड़ा रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि युवक विक्रम मंडल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं जबकि उनकी मां के चेहरे और शरीर पर कई जगह चोट लगी है। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोश जताते हुए वाहन चालक को पकड़ने की मांग करने लगे। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वाहन चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। वहीं परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा की स्थिति पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रशासन सख्ती से कार्रवाई नहीं करेगा, तब तक ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल होगा।


