गोड्डा
फाउंडेशन ने चलाया नि:शुल्क स्वास्थ्य व जागरूकता अभियान
- मरीजों को दवा और महिलाओं को सेनेटरी नैपकिन का वितरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेहरमा, गोड्डा। जिले के मेहरमा प्रखंड क्षेत्र में कलपत्थरु फाउंडेशन के सौजन्य से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. शंभू के द्वारा किया गया। मोबाइल मेडिकल यूनिट टीम के सहयोग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मरीजों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। मरीजों को जरूरत के अनुसार दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। वहीं, विशेष पहल के तहत क्षेत्र की किशोरियों और महिलाओं को नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य टीम ने महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व, सही तरीके से नैपकिन के उपयोग और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में जानकारी दी। इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और मासिक धर्म से जुड़े भ्रांतियों को दूर करना था। ग्रामीणों ने कलपत्थरु फाउंडेशन और एमएमयू टीम की इस पहल का स्वागत किया। कार्यक्रम के बाद लाभान्वित मरीजों और महिलाओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता अभियान से क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिलती है। फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि आगे भी इस तरह के स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच व जागरूकता दोनों को बढ़ाया जा सके।



