झांसी
टहरौली में गाजे-बाजे के साथ हुई गणेश प्रतिमाएं विराजमान
डॉ. एम.एल. आर्य ने किया गणेश उत्सव का शुभारंभ
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
झांसी । टहरौली- तहसील क्षेत्र में गणेश उत्सव की धूम मची हुई है। श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह विघ्नहर्ता भगवान गणेश की प्रतिमाएं गाजे-बाजे के साथ विराजमान की गईं। सुबह-शाम भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर है।
कस्बा के किला प्रांगण में युवाओं द्वारा आकर्षक पंडाल सजाया गया, जहां रंग-बिरंगी झालरों और फूलों की मालाओं से पूरा परिसर दैदीप्यमान नजर आया। प्रवेश द्वार पर बने भव्य तोरण द्वार और झांकी ने दर्शकों का मन मोह लिया।
उत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लड बैंक प्रभारी मेडिकल कॉलेज डॉ. एम.एल. आर्य ने फीता काटकर किया। इसके बाद मंच पर प्रस्तुतियों का दौर शुरू हुआ। नन्हीं-नन्हीं बच्चियों ने डांडिया की लय पर थिरकते हुए दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। धार्मिक भजनों पर मनमोहक प्रस्तुतियां इतनी प्रभावशाली रहीं कि पूरा पंडाल गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा।
आयोजन समिति के सदस्यों रवि कुशवाहा, आयुष साहू सहित अन्य युवाओं ने माल्यार्पण व तिलक लगाकर अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि डॉ. एम.एल. आर्य ने अपने प्रभावशाली संबोधन में कहा कि गणेश उत्सव केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
भाजपा नेता रिंकू दीक्षित ने कहा कि भगवान गणेश हमें ज्ञान, धैर्य और विवेक का संदेश देते हैं। जब समाज इन मूल्यों को अपनाएगा तो शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के हर क्षेत्र में प्रगति सुनिश्चित होगी। विशिष्ट अतिथि प्रदीप गुप्ता ने कहा कि गणेश उत्सव हमारी संस्कृति की धरोहर है, जिसमें सभी वर्गों की सहभागिता समाज को और मजबूत बनाती है।
कार्यक्रम का संचालन आशीष उपाध्याय ने किया। इस मौके पर भाजपा नेता वेद श्रीवास्तव, जितेंद्र पटेल, भूपेंद्र राय, रामकुमार सोनी, गोविंद प्रतीक, अनुराग खरे, संजीव जैन, संतोष गोस्वामी, राजू गुप्ता, रामराज सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे ।

