गाजियाबाद
ट्रॉनिका सिटी लोनी में अवैध मजार पर नमाज़ व चंदा वसूली, कार्रवाई की मांग तेज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गाजियाबाद। थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में स्थित एक मजार को मस्जिद का रूप दिए जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध धार्मिक ढांचे पर न केवल नमाज़ पढ़ी जा रही है, बल्कि चंदा वसूली भी शुरू कर दी गई है।
शिकायत कर्ता मनोज कुमार का कहना है कि जिस ज़मीन पर यह मजार बनी है, वह न तो राजस्व अभिलेखों में दर्ज है और न ही मस्जिद के रूप में मान्यता प्राप्त है। यूपी सिडा ने भी लिखित रूप से स्पष्ट कर दिया है कि यह भूमि किसी धार्मिक स्थल के नाम पर अभिलेखों में दर्ज नहीं है। इसके बावजूद हर जुमे के दिन बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग यहाँ नमाज़ अदा करने पहुंचते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से इस अवैध निर्माण को बढ़ावा मिल रहा है। कई बार इस मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी लोनी, पुलिस प्रशासन से की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
बैठक में उठा मुद्दा
हाल ही में जनपद के प्रभारी मंत्री असीम अरुण की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय मासिक बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी ने इस मामले को उठाया। बैठक में मौजूद कैबिनेट मंत्री असीम अरुण ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि भूमि की स्थिति की जांच कराई जाए और यदि यह अवैध पाई जाए तो तुरंत कब्जा मुक्त कराया जाए।
योगी सरकार की सख्ती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि प्रदेश में अवैध धार्मिक निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। गाजियाबाद में ही इससे पहले नगर निगम ने एक अवैध मजार पर बुलडोज़र चलाकर कार्रवाई की थी।
इसी नीति को देखते हुए ट्रॉनिका सिटी के लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही इस भूमि को कब्ज़ामुक्त कराया जाएगा और अवैध धार्मिक ढांचे पर कार्यवाही अमल में लाई जाएंगी

