झुंझुनू
राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह के पोस्टर का हुआ विमोचन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
झुंझुनूं सूरजगढ़। राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वाधान में 1 सितंबर 2025 को राजस्थान प्रदेश के शेखावाटी क्षेत्र में झुंझुनू जिले के सूरजगढ़ शहर में आयोजित होने वाले गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह के पोस्टर का विमोचन कार्यक्रम प्रभारी मनजीत सिंह तंवर के नेतृत्व में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के द्वारा किया गया। इस अवसर पर आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी, राय सिंह शेखावत, अनिल जांगिड़, विनोद सोनी, धीर सिंह, होशियार सिंह सिंगाठिया, सरजीत, पूजा स्वामी, सुमन, अशोक कुमावत, विनोद शर्मा, सुरेश सिंह शेखावत, अवनीश पाठक, दरिया सिंह डीके आदि अन्य लोग मौजूद रहे। पोस्टर का विमोचन करते हुए कार्यक्रम प्रभारी मनजीत सिंह तंवर ने कहा- जिस तरह से वर्ष 2025 का गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड कार्यक्रम ऐतिहासिक होने जा रहा है, उसी प्रकार राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह का पोस्टर भी ऐतिहासिक और बेमिसाल है। पोस्टर में एक तरफ राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी का तो दूसरी तरफ गाँधीवादी समाजसेवी बजरंग लाल गाँधी का छायाचित्र अंकित है। इसके अलावा स्वाधीनता आंदोलन के दौरान 1938 में हुए हरिपुरा अधिवेशन के छायाचित्र को भी पोस्टर पर अंकित किया गया है। हरिपुरा अधिवेशन की तस्वीर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, महात्मा गांधी और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों का छायाचित्र अंकित है। 1938 में ही कांग्रेस के हरिपुरा अधिवेशन में नेताजी सुभाष चंद्र बोस कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गये थे। पोस्टर में एक छायाचित राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी का 1946 में बिहार यात्रा का भी है। 1946 में बंगाल और बिहार में भयंकर सांप्रदायिक दंगे हुए थे। दंगों को शांत करने के लिए महात्मा गाँधी ने बंगाल और बिहार में पैदल यात्रा की थी। तस्वीर में महात्मा गाँधी के साथ स्वतंत्रता सेनानी मृदुला साराभाई, मनु गाँधी व सीमांत गाँधी खान अब्दुल गफ्फार खान और अन्य स्वतंत्रता सेनानी साथ हैं। 1946 में सांप्रदायिक हिंसा को रोकने के लिए महात्मा गाँधी की नोआखली यात्रा व कलकत्ता महानगर और बंगाल के अलावा बिहार की शांति यात्रा में अनेक स्वतंत्रता सेनानी और गाँधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता महात्मा गाँधी के साथ थे। राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह का पोस्टर अद्वितीय और ऐतिहासिक है। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने बताया कि श्री बजरंग लाल गांधी स्मृति दिवस पर 1 सितंबर 2025 को होटल रानी बाग सूरजगढ़ में गांधी सेवा रत्न अवॉर्ड राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा। यह कार्यक्रम गाँधी जीवन दर्शन पर आधारित होगा। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2025 से सम्मानित किया जायेगा। चयन समिति द्वारा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर चयनित किया गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। राजस्थान प्रदेश में शेखावाटी क्षेत्र में वीरों की धरा पर होने वाला यह राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह अनुपम और अपूर्व होगा।



