गाजियाबाद
मातृ-पितृ पूजन दिवस” अभियान चलाने वाली नैना मित्तल को पार्षद अंकुश जैन मिंकू ने किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र में सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाली वैश्य समाज की बेटी नैना मित्तल को सम्मानित किया गया। लालबाग निवासी अंबा प्रसाद मित्तल की सुपुत्री नैना मित्तल को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए लोनी नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 41 के पार्षद अंकुश जैन मिंकू ने सम्मान देकर प्रोत्साहित किया।
नैना मित्तल ने युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत उन्होंने विभिन्न स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में वैलेंटाइन डे को “मातृ-पितृ पूजन दिवस” के रूप में मनाने का संदेश दिया। इस पहल के माध्यम से बच्चों और युवाओं को माता-पिता के प्रति सम्मान, सेवा और भारतीय संस्कारों का महत्व समझाने का प्रयास किया गया।
समाज में उनकी इस पहल को काफी सराहना मिल रही है। पार्षद अंकुश जैन मिंकू ने कहा कि इस तरह के संस्कारपूर्ण कार्य समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने का यह प्रयास अत्यंत प्रशंसनीय है।
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने भी नैना मित्तल के कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि ऐसी पहल से नई पीढ़ी में पारिवारिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। साथ ही सभी ने नैना मित्तल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

