खेल

सीएम सिद्धारमैया का बड़ा एलान

राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में वृद्धि

 

नई दिल्ली । कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में वृद्धि की घोषणा की है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को बड़ा एलान किया। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में वृद्धि की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार एथलीटों को समर्थन देने और उन्हें अधिक ऊंचाइयां हासिल करने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।

पदक विजेताओं पर होगी नोटों की बारिश-सिद्धारमैया ने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देते करते हुए कहा, ‘हमने स्वर्ण पदक विजेताओं को सात लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को पांच लाख रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को तीन लाख रुपये देने का फैसला किया है।’ इन खेलों में कर्नाटक 34 स्वर्ण, 18 रजत और 28 कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में पांचवें स्थान पर रहा। सीएम ने आगे कहा, ‘यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। मुझे उम्मीद है कि कर्नाटक अगले खेलों में पहला स्थान हासिल करेगा।’

कर्नाटक ओलंपिक संघ ने की थी मांग-इस दौरान सिद्धारमैया ने याद दिलाया कि 2015 में उनके पिछले कार्यकाल के दौरान स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं के लिए क्रमश: पांच लाख रुपये, तीन लाख रुपये और दो लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई थी। उन्होंने कहा, ‘कर्नाटक ओलंपिक संघ ने राशि बढ़ाने का आग्रह किया था। हमने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है और राशि में संशोधन किया है।’ सिद्धारमैया ने यह भी कहा कि एथलीटों को पदक जीतने में मदद करने वाले प्रबंधकों और कोचों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा, ‘सरकार राज्य में खेलों को हर संभव सहयोग देगी। मैं शुरू से ही एथलीटों की मांगों को पूरा करता रहा हूं।’

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पदक विजेताओं को भी मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पदक विजेताओं को सरकारी नौकरियों में आरक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने खेल कोटे से पुलिस आबकारी विभाग में डिप्टी एसपी नियुक्त किए गए सुनील भाटी का उदाहरण देते हुए कहा, ‘उच्च पदों पर पदोन्नति के अवसर भी उपलब्ध होंगे।’ मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर देश और राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को पांच करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को तीन करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को दो करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।’

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button