मेरठ

वेंक्टेश्वरा में गणेशोत्सव-2025 : भजन संध्या, शोभायात्रा और नृत्य नाटिका ने बाँधा समां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित वेंक्टेश्वरा संस्थान में गणेश चतुर्थी के महापर्व पर आयोजित दस दिवसीय गणेशोत्सव-2025 के तीसरे दिन भजन संध्या, शोभायात्रा एवं नृत्य नाटिका का भव्य आयोजन हुआ।

इस अवसर पर हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और संस्थान प्रबंधन ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर विघ्नहर्ता भगवान गणेश जी की पूजा-अर्चना की और उन्हें उनके प्रिय मोदक का भोग अर्पित किया।

पं. रामनिवास शास्त्री एवं उनकी टीम ने “घर में पधारो गजानन जी म्हारे घर में पधारो”, “गणपति बप्पा मोरया”, “मंगल मूर्ति मोरया” जैसे एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के खेल परिसर स्थित गणेश पंडाल में विशेष पूजा और भजन संध्या का शुभारंभ संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, डॉ. सुप्रीति भटनागर, डॉ. सचिन टूटू एवं डॉ. बी.एस. त्यागी ने गणपति वंदना कर किया।

अपने संबोधन में संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि ने कहा कि “गणेशोत्सव केवल आध्यात्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि एकता, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम का भी प्रतीक है। गणेश पूजा का छात्र-छात्राओं के जीवन में विशेष महत्व है, क्योंकि विघ्नहर्ता श्री गणेश जी की आराधना से शिक्षा मार्ग में आने वाली बाधाएँ समाप्त होती हैं और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।”

प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि गणेश जी ज्ञान और बुद्धि के देवता हैं, अतः विद्यार्थियों के जीवन में उनकी उपासना सफलता और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है।

आयोजकों ने बताया कि दस दिनों तक चलने वाले इस महाउत्सव में प्रतिदिन विशेष पूजा, विशिष्ट भोग, गणेश स्तुति, नृत्य प्रतियोगिता, रंगोली उत्सव समेत एक दर्जन से अधिक सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर डीन मेडिकल संजीव भट्ट, डॉ. अनुभव भटनागर, डॉ. रोहन सुरैना, डॉ. दीक्षांत, डॉ. प्रणव ठाकरे, डॉ. मानसी, दीक्षांक, कार्यक्रम संयोजक अनिकेत पंत, अभिषेक कटियार, वेदांत पाटिल, आईना माथुर, हर्षवर्धन, मिहिर दावले, निदेशक (मेरठ परिसर) डॉ. प्रताप सिंह, मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button