सिंगरौली

राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय खेल समारोह का हुआ शुभारंभ

“एक घंटा खेल के मैदान में : सिंगरौली में राष्ट्रीय खेल दिवस पर फुटबॉल मुकाबले का शानदार आयोजन”

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली  । राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के अवसर पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर आज राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम बैढ़न में तीन दिवसीय खेल समारोह का शुभारंभ विधायक रामनिवास शाह, कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री, प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सुन्दरलाल शाह की गरिमामय उपस्थिति में किया गया। यह खेल समारोह 29 से 31 अगस्त 2025 तक खेल एवं युवा कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग की सहभागिता से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें फुटबॉल, कबड्डी एवं एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल गतिविधियाँ शामिल हैं।
मुख्य अतिथि विधायक रामनिवास शाह ने अपने संबोधन में कहा कि हर खेल हमें एक नई सीख देता है। खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि जीवन को बेहतर बनाने का जरिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार “खेलेगा भारत – खिलेगा भारत” अभियान के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक कर उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान कर रही है। विधायक ने युवाओं से इस अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।
कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला ने अपने उद्बोधन में कहा कि – हमें मेजर ध्यानचंद जी के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी उतना ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह शारीरिक क्षमता के साथ-साथ बौद्धिक क्षमता को भी बढ़ाता है। उन्होंने युवाओं से किसी न किसी खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि – “खेल केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि जीवन जीने की कला है। यह युवाओं को अनुशासन, नशा मुक्त जीवनशैली, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों से जूझने का साहस सिखाता है। सिंगरौली पुलिस सदैव समाज में सकारात्मक ऊर्जा और स्वस्थ वातावरण को बढ़ावा देने के लिए खेलों का समर्थन करती रही है। मैं जिले के सभी युवाओं से अपील करता हूँ कि वे खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।”
समारोह में प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सुन्दरलाल शाह ने भी खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान खिलाड़ियों एवं बच्चों को “खेल को जीवनशैली में शामिल करने” की शपथ दिलाई गई एवं कैप का वितरण किया गया।
उद्घाटन समारोह के उपरांत एमएससी बैढ़न बनाम शाहपुर फुटबॉल क्लब के बीच फुटबॉल मैच का शुभारंभ विधायक द्वारा किया गया। खेल मैदान जयकारों और उत्साहवर्धन से गूंज उठा।
इस अवसर पर एसडीएम सृजन वर्मा, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी पी.एस. परस्ते नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर, जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह, प्रशिक्षु डी.एस.पी. सुश्री रोशनी कुर्मी, ब्लॉक समन्वयक राकेश मिश्रा, फुटबॉल कोच अजहर अली, कबड्डी कोच सुखचैन शुक्ला सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 की शपथ दिलाई, जिसमें उन्होंने खुद को शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से मजबूत और भावनात्मक रूप से संतुलित बनाने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह खेल समारोह “एक घंटा खेल के मैदान में” थीम को सार्थक बनाते हुए सफलतापूर्वक प्रारंभ हुआ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button