अमरोहा
अमरोहा में सीएम का करीबी बताकर 35 लाख ठगे
बोला-नौकरी के साथ आवास दिला दूंगा, 112 लोग जाल में फंसे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : आदमपुर में नौकरी और आवास दिलाने के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को मुख्यमंत्री का करीबी बताकर 100 महिलाओं और 12 युवकों से 35 लाख रुपए ठग लिए।मामले में सीओ हसनपुर के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता सरजीत सिंह ने बताया कि 2022 में हसनपुर के बीझलपुर निवासी अयूब खान उन्हें लखनऊ ले गया। वहां उनकी मुलाकात हेमंत गंगवार, अमित कुमार सक्सेना और नितिन गौड़ से करवाई।
हेमंत गंगवार ने खुद को मुख्यमंत्री का करीबी बताते हुए नौकरी और आवास दिलाने का झांसा दिया। नौकरी के लिए प्रति व्यक्ति डेढ़ लाख रुपए और आवास के लिए 15 हजार रुपए मांगे। सरजीत ने 112 लोगों से कुल 35 लाख रुपए जमा किए। इनमें से 22 लाख रुपए बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए और 13 लाख रुपए नकद दिए गए।
जब लंबे समय तक न तो नौकरी मिली और न ही आवास, तब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे। आरोपियों ने न केवल पैसे लौटाने से इनकार कर दिया बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी कुमरेश त्यागी के अनुसार हेमंत गंगवार, अमित सक्सेना और नितिन गौड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


