बिजनौर
नायब तहसीलदार ने खुद को मारी गोली, उपचार के दौरान मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर। सदर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार राजकुमार ने बुधवार सुबह लाइसेंसी पिस्टल से खुद के सिर में गोली मार ली। उन्हें उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि नायब तहसीलदार सरकारी काम से मंगलवार को इलाहाबाद कोर्ट गए थे। जहां से वह बुधवार सुबह 8 बजे सरकारी आवास पर लौटे थे। परिजनों का कहना है कि उन्होंने सुबह कमरा बंद कर खुद को गोली मारी। आवाज सुनकर जब हम लोग पहुंचे। तो दरवाजा अंदर से बंद था। 15 से 20 मिनट तक दरवाजा नहीं खुला, तो दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया। उनके सिर से खून निकल रहा था। आनन-फानन में उन्हें निजी चिकित्सक के अस्पताल में लाया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डीएम जसजीत कौर मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल कब्जे में ले ली है।42 वर्षीय राजकुमार बागपत जिले के बड़ौत के रहने वाले हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी सात साल, जबकि छोटी डेढ़ साल की है। घरवालों के मुताबिक, इलाहाबाद से लौटने के बाद वह अपने रूम में थे। हम लोग दूसरे कमरे में थे। तभी अचानक फायरिंग की आवाज आई। हम लोग कमरे की तरफ दौड़े तो दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद शोर मचाया तो मौके पर एसडीएम सदर ऋतु रानी व एडीएम प्रशासन विनय सिंह मौके पर पहुंचे। तत्काल तहसीलदार की गाड़ी में इनको अस्पताल ले जाया गया। घटना से जिले के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।



