गोड्डा

पत्थर खदान में हाइवा पलटने से चालक की मौत

मजदूरों ने काम रोका, मुआवजे और सुरक्षा की उठी मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

गोड्डा: जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशलटोला गांव के पास देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, फोरलेन निर्माण कार्य में लगी कंपनी DBL की खदान में पत्थर लोड करने के दौरान एक हाइवा (भारी वाहन) अचानक पलट गई। इस दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक चालक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी शेषनाग कुशवाहा के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि चालक वाहन के केबिन में ही फंस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मजदूर मौके पर जुट गए। उन्होंने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए खदान में चल रहे सारे कामकाज को रोक दिया। मजदूरों का कहना है कि खदान में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा, जिससे रोजाना मजदूर और वाहन चालक जोखिम उठाने को मजबूर हैं।वर्करों ने स्पष्ट कहा कि जब तक मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और परिवार को रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाएगा, तब तक खदान में काम शुरू नहीं किया जाएगा।स्थानीय मजदूरों ने बताया – “हम लोग कंपनी से मांग कर रहे हैं कि मृतक परिवार को उचित मुआवजा मिले और माइंस में काम करने वालों के लिए सुरक्षा मानक लागू किए जाएं। बार-बार हादसे होते हैं, लेकिन कंपनी ध्यान नहीं देती।”दूसरी ओर, घटना की जानकारी मिलने पर पोड़ैयाहाट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, कंपनी प्रबंधन और मजदूरों के बीच वार्ता की कोशिशें भी शुरू हो गई हैं।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि खदान क्षेत्र में आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते। इस वजह से मजदूरों की जान पर खतरा बना रहता है।मृतक चालक के परिजनों के गम में डूबे होने के बीच पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, मजदूरों की मांग पर अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के निर्णय पर टिकी हुई हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button