सिंगरौली
जिले के हटका गाँव में विधायक निधि से घटिया पुलिया निर्माण के लगे आऱोप, ग्रामीणों में रोष
पुलिया तो बना दी गई, लेकिन सड़क का पता नहीं !

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले के ग्राम पंचायत भंवरखोह अन्तर्गत ग्राम हटका की बसोर बस्ती में विधायक निधि से पुलिया निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच पति द्वारा करवाए गए इस निर्माण कार्य में न तो पारदर्शिता बरती गई और न ही गुणवत्ता का ध्यान रखा गया। सबसे पहले, निर्माण स्थल पर न तो कोई सूचना बोर्ड लगाया गया और न ही यह बताया गया कि पुलिया कितनी लागत में, किस मद से और किस ठेकेदार के माध्यम से बनाई जा रही है। नियमों के अनुसार सार्वजनिक निर्माण कार्यों में लागत व योजना संबंधी जानकारी दर्शाना अनिवार्य होता है, ताकि जनता को भी इसकी जानकारी मिल सके ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया का निर्माण रातों-रात जेसीबी मशीन लगाकर बुनियाद खुदवाकर किया गया। लेआउट भले ही इंजीनियर द्वारा तैयार किया गया बताया जा रहा हो, लेकिन पुलिया जिस स्थान पर बननी थी, वहां इसका निर्माण नहीं किया गया। बल्कि इसे पट्टे की जमीन पर खड़ा कर दिया गया है, जहां न तो नाला है और न ही कोई पक्का मार्ग मौजूद है।
ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर उठाया सवाल
ग्रामीणों द्वारा निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिया बनाने में सीमेन्ट की मात्रा बहुत कम रखी गई, साथ ही भस्सी व लगभग 14–15 गाड़ी बोल्डर का उपयोग कर जल्दबाजी में काम निपटा दिया गया। इससे पुलिया की मजबूती और टिकाऊपन पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। ग्रामीणों से छलावा हो रहा है बसोर परिवार का कहना है कि उन्हें रोड का लालच देकर उनकी पट्टे की जमीन पर पुलिया का निर्माण कराया गया, जबकि बाद में जब ग्रामीणों ने सड़क की मांग की तो सरपंच पति ने दो टूक कह दिया कि “हमारा पुलिया का काम हो गया, अब रोड के लिए पंचायत के पास पैसा नहीं है।” इस रवैये से ग्रामीण बेहद आक्रोशित हैं। वर्तमान स्थिति यह है कि बसोर बस्ती के परिवारों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। पुलिया तो बना दी गई, लेकिन उससे जुड़े रास्ते न होने के कारण यह स्थानीय लोगों के किसी काम की नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ निधि का दुरुपयोग और दिखावटी निर्माण है, जिससे उनकी समस्याएं और भी बढ़ गई हैं।
प्रशासन से जांच की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो। साथ ही सड़क निर्माण कर बसोर बस्ती को मुख्य मार्ग से जोड़ा जाए, जिससे लोगों को आवाजाही में राहत मिल सके।



