शामली
बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
पुलिस द्वारा आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा पुलिस हरकत में आई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने गांव के ही तीन लोगों पर अपहरण कर बंधक बनाने और दो लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने थाने पर तहरीर देकर बताया था कि गांव इस्लामपुर घसौली निवासी गौरव, वीरेंद्र उर्फ विक्की व अंकित पीड़िता के परिवार से रंजिश रखते हैं। एक वर्ष पूर्व पीड़िता अपने घर से पढ़ने के लिए कॉलेज जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में गौरव, वीरेंद्र उर्फ विक्की व अंकित ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत पीड़िता को रोक लिया और बहला फुसलाकर कर पीड़िता को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और नशीला पदार्थ सुधाकर बेहोश करने के बाद पीड़िता को अज्ञात स्थान पर ले गए। तीनों लोगों ने पीड़िता को एक कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि उक्त लोगों ने पीड़िता को चार माह तक कमरे में बंद रखा और वीरेंद्र उर्फ विक्की व अंकित ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। किसी तरह पीड़िता आरोपियों के चंगुल से अपनी जान बचाकर अपने गांव पहुंची और अपने परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी। आरोप है की शिकायत के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की थी। जिसके चलते पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली थी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि तीन लोगों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।
———–


